कैथल। करोड़ा गांव के एक व्यक्ति से वाट्सएप कॉल करके रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपी हजवाना निवासी सोनू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि करोड़ा निवासी मनजीत सिंह की शिकायत अनुसार इस वर्ष उसने करोड़ा व कुकरकंडा में शराब का ठेका लिया हुआ है। वह पांच-छह साल पहले चीका थाना के एक मामले में कैथल जेल में बंद था। वहां पर आरोपी जोगा भी बंद था। इस बीच उनकी आपस में जान पहचान हो गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार जेल से बाहर आने के बाद भी जोगा से उसकी बातचीत होती रही। जोगा की उसके गांव करोड़ा के रहने वाले मोनू के साथ भी दोस्ती है, लेकिन उसकी मोनू के साथ खींचतान चल रही है।
मोनू जोगा को उसके खिलाफ भड़काता रहता है। शिकायतकर्ता के अनुसार चार मार्च को जोगा ने उसको व्हाट्सएप कॉल करके उसको कहा कि उसे पैसों की जरूरत है तो उसने कहा कि उसके पास पैसे नहीं है। इस पर जोगा ने उसको डराते हुए कहा कि वह लोगों की हत्या करने का काम करता है आगे आपकी मर्जी। इसके बाद आरोपी जोगा ने नौ मार्च को वाट्सएप कॉल से उसको उपरोक्त बातें दोहराई। आरोपी जोगा सिंह 10 मार्च को अवैध असलहा लेकर उसके पास आया और पांच लाख रुपये की मांग की। रुपये न देने की सूरत में आरोपी जोगा ने अपने साथी मोनू के साथ मिलकर उसकी हत्या करने की बात कही। आरोपी जोगा सिंह ने कहा कि वह मोनू के साथ मिलकर फिरौती मांगने का काम करता है। इस बारे थाना पूंडरी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। प्रवक्ता ने बताया कि मामले में पहले ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनका सह आरोपी सोनू पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।