संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। जींद रोड पर प्राइमरी सरकारी स्कूल के सामने स्थित तालाब में रविवार सुबह एक शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह करीब छह बजे सड़क से गुजरने वाले लोगों ने तालाब में शव देखा और तुरंत इसकी सूचना राजौंद थाना को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों को एकत्र किया।
शव देखने से युवक की उम्र करीब 42-45 वर्ष प्रतीत हो रही थी। बाद में राजौंद थाना प्रभारी राजकुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव की पहचान राजौंद वार्ड नंबर सात निवासी रामफल (42) के रूप में हुई। थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र अमित ने पूछताछ में बताया कि शुक्रवार शाम को उनके पिता से फोन पर बात हुई थी। वे घर आने की बात कह रहे थे, लेकिन रात नौ बजे के बाद उनका फोन बंद हो गया और इसके बाद वे वापस नहीं लौटे।
पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।