भारतीय किसान यूनियन की मासिक बैठक किसान भवन में ब्लॉक प्रधान मांगेराम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य रूप से भाकियू के राष्ट्रीय सलाहकार अजीत सिंह हाबड़ी, प्रचार मंत्री पालाराम संगरौली व सेवा सिंह आर्य ने हिस्सा लिया। यूनियन के राष्ट्रीय सलाहकार अजीत सिंह हाबड़ी ने कहा कि मंडियों में किसानों को पीआर धान की वाजिब दाम न मिलने से बेकद्री हो रही है और सरकार किसानों की आय दो-गुनी करने की बातें कर रही है। पिछले वर्ष की तुलना में पीआर धान के मूल्य में 100 से 150 रुपये प्रति क्विंटल में कमी आई है, वहीं 1121 धान में 700 से 800 रुपये प्रति क्विंटल व बासमती में 600 से 700 रुपये की कमी देखने को मिल रही है। इसके अलावा कपास और बाजरे के दामों में भी गिरावट आई है। किसानों के आंकलन के मुताबिक एक एकड़ में किसान को 10 से 11 हजार रुपये का नुकसान रहा है। हाबड़ी ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि किसानों के नुकसान को देखते हुए सरकार उन्हें 500 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बोनस दे। उन्होंने सरकार से मांग की कि पराली जलाने को लेकर जिन किसानों पर मामले दर्ज है, उन्हें तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाए और अगले सीजन के लिए सरकार व किसान संगठन मिलकर इस समस्या का हल निकाले। किसानों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस अवसर पर नरेंद्र संगरौली, सुभाष पिलनी, नसीब खेड़ी, सुरेंद्र सिंह, विक्रम सिंह, नत्था सिंह, सतनाम सिंह हाबड़ी, ईशम सिंह, राधाराम, बीरभान, सेवा सिंह, गुलजार सिंह, मंगल सिंह, भीम सिंह, नर सिंह, बूट्टा सिंह, गुरदयाल व गुरबक्श सिंह मौजूद थे।