कैथल। आरकेएसडी कॉलेज के एनसीसी कैडेट ने दोहरी उपलब्धि हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित जिला स्तरीय समारोह की मार्च पास्ट परेड में कॉलेज के एनसीसी कैडेट अभिनव ने अनुशासन, बेहतर कदमताल और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया।
कैडेट ने एएनओ डॉ. रघबीर लांबा और डॉ. रितु कांग वालिया के मार्गदर्शन में परेड की तैयारी की थी। वहीं, कॉलेज के एनसीसी कैडेट अभिनव का 10 हरियाणा बटालियन एनसीसी कुरुक्षेत्र की ओर से ग्रुप लेवल थल सेना कैंप के लिए चयन हुआ है। अभिनव ने पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ एनसीसी निदेशालय के अंतर्गत अंबाला ग्रुप का प्रतिनिधित्व करते हुए एनसीसी ट्रेनिंग अकादमी, रोपड़ में आयोजित ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग कैंप में भाग लिया। इंटर-ग्रुप प्रतियोगिता में अंबाला ग्रुप ने प्रथम स्थान हासिल कर अगले स्तर के थल सेना कैंप के लिए क्वालीफाई किया। कॉलेज प्रधान अश्वनी शोरेवाला और प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने कैडेट्स और अभिनव को बधाई दी।