संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। भारतीय योग संस्थान चीका की ओर से लगाए जा रहे पांच दिवसीय मधुमेह निवारण योग शिविर के दूसरे दिन समाजसेवी महावीर कंसल मटोरिया बतौर मुख्यातिथि रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित करके शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान शिविर में 90 से अधिक साधकों ने हिस्सा लिया।
महावीर मटोरिया के कार्यक्रम में पहुंचने पर संस्थान के पदाधिकारियों ने फूलमाला से उनका स्वागत किया। इस मौके पर महावीर मटोरिया ने कहा कि वर्तमान समय में हमारा जीवन भागदौड़ भरा व तनावग्रस्त हो गया है, जिसके चलते शरीर को अनेक बीमारियों घेर रही हैं। तनाव से मुक्ति पाने व स्वस्थ जीवन जीने के लिए योग सबसे कारगर तरीका है। जिला प्रधान डॉ. विनोद गुप्ता ने योग से होने वाले शारीरिक व मानसिक लाभ की जानकारी देते हुए ध्वनि, गायत्री मंत्र से प्रार्थना कराई।
योग शिक्षक अमित महाजन ने भुजाओं की मांसपेशियों को स्वस्थ रखने की सूक्ष्म क्रियाएं करवाई। योग शिक्षक प्रेम चंद गर्ग, दीपक कुमार, राजेश गर्ग, पूजा मित्तल, केवल जिंदल, डॉ. विजयपाल ने साधकों को तिर्यक ताड़ासन, अर्धचक्र आसन, वक्रासन, जानू शिर आसन, तिर्यक भुजंग आसन, शलभासन, शशांकासन, झूलना लुढक़न का अभ्यास करवाया।
अमित महाजन ने बाल हंसी क्रिया करवाते हुए साधकों को खूब हंसाया। डॉ. विनोद गुप्ता ने कपालभाति, अग्निसार, भ्रामरी प्राणायाम के साथ साथ ध्यान व शांति पाठ करवाया। चिकित्सक डॉ. मनोज गांधी ने मधुमेह होने के कारण व इससे बचाव के तरीको की जानकारी दी।