संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में बुधवार और वीरवार को होने वाली हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के शांतिपूर्ण और नकलमुक्त संचालन के लिए जिला पुलिस ने व्यापक और पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए हैं। एसपी आस्था मोदी के निर्देशानुसार लगभग 350 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर लगाई गई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एसपी ने सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों से विनम्र व्यवहार करें और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई में संकोच न करें। जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इसके अलावा, पीसीआर और राइडर टीमों को क्षेत्र में लगातार गश्त करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी आस्था मोदी ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित एचटेट परीक्षा के लिए पुलिस ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए हैं। आज सायंकाल और कल प्रातः व सायंकाल दो सत्रों में परीक्षा होगी। परीक्षा को निष्पक्ष, व्यवस्थित और बाहरी हस्तक्षेप से मुक्त रखने के लिए पुलिस सतर्क है।
उन्होंने बताया कि जिलाधीश कैथल द्वारा परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर परिधि में धारा 163 लागू कर दी गई है, जिसके तहत परीक्षा केंद्रों के पास भीड़ इकट्ठा नहीं होने दी जाएगी और फोटोस्टेट की दुकानों को भी बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। एसपी ने यह भी कहा कि ट्रैफिक थाना प्रभारी को परीक्षार्थियों के वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थानों पर सुनिश्चित करवाने और यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की ओर से स्पष्ट संदेश है—परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी या बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।