कैथल। एक व्यक्ति को ट्रक से कुचलकर जान से मारने की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने जिला जींद के गांव कलोदा कलां निवासी परविंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव पेगा निवासी किरपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था वह राजौंद में शराब के ठेके पर कारिंदे का काम करता है, उसकी एक महिला साथ दोस्ती थी और दोनों राजौंद में किराए के कमरे में रह रहे थे।
कुछ समय से महिला की बातचीत कलोदा गांव जिला जींद निवासी परविन्द्र से होने लगी थी, जिससे दो-तीन दिन पहले महिला उसे छोड़कर परविन्द्र के पास चली गई, जिसके बाद 17 फरवरी की रात वह परविन्द्र और महिला की तलाश में ट्रांसपोर्ट नगर कैथल पहुंचा, जहां ट्रक में दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखा। उसे देखते ही वे ट्रक लेकर चले गए। 18 फरवरी की सुबह करीब 3:15 बजे खानपुर बस अड्डे के पास जब उसने दोबारा ट्रक के पास जाकर आवाज लगाई तो अजय नाम के व्यक्ति और उस महिला ने परविन्द्र को उकसाया। इसके बाद परविन्द्र ने ट्रक का अगला टायर उसकी टांगों, पसलियों और बाजुओं पर चढ़ा दिया और तीनों मौके से भाग गए। घायल अवस्था में राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सरकारी अस्पताल कैथल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उसे पीजीआई रोहतक भेज दिया गया। इस संबंध में थाना सीवन में प्राथमिकी दर्ज कर की गई। इस मामले में महिला आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।