कैथल। जिले में अब उन अस्पतालों पर कार्रवाई का डंडा चलने वाला है, जिन्होंने मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के लिए आवश्यक कागजी पूरी नहीं की है। इसके लिए विभाग की टीम द्वारा निरीक्षण कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शहर में अनेकों ऐसे अस्पताल हैं, जिन्होंने अभी तक मेडिकल वेस्ट प्रबंधन के लिए आवश्यक कागजात पूरे नहीं किए हैं। न ही उन्होंने इसके लिए एजेंसी से संपर्क किया है। विभाग द्वारा ऐसे अस्पतालों की सूची तैयार की जा रही है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ विपिन कुमार ने बताया कि कैथल व जींद जिले में जितने भी अस्पताल व डिस्पेंसरी हैं उनके लिए बायोमेडिकल वेस्ट रूल 2016 के तहत वेस्ट का प्रबंधन करना जरूरी है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा ऐसे अस्पतालों की सूची तैयार की जा रही है, जिन्होंने यह आवश्यक अनुबंध फॉलो नहीं किया है। जल्द ही इनकी सूची तैयार करके निरीक्षण का काम किया जाएगा। पहले नोटिस जारी कर अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया जाएगा। इसके बाद भी यदि मेडिकल वेस्ट प्रबंधन नियमानुसार नहीं किया गया तो उनके खिलाफ एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दरअसल विभाग ने जिला अनुसार अलग-अलग एजेंसियां तय की हैं, जिन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। इन एजेंसियों के साथ आवश्यक अनुबंध किया जाता है। इसके बाद एजेंसी द्वारा ही संबंधित अस्पताल से मेडिकल वेस्ट जुटाकर प्लांट में ले जाया जाता है।