करनाल रोड पर शाम के समय मौसम का दृश्य। संवाद
कैथल। रविवार को जिले में गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहने के कारण लोगों को बारिश की उम्मीद थी लेकिन देर शाम तक बारिश नहीं हुई। बादलों और तेज उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दोपहर के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम दिखाई दी और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं लगभग छह किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं लेकिन इनसे लोगों को गर्मी से विशेष राहत नहीं मिल सकी। बारिश थमने के साथ ही तापमान और उमस दोनों में फिर बढ़ोतरी हो गई है।
बिजली की मांग में फिर आई तेजी : बिजली निगम के अनुसार फिर गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग भी लगातार बढ़ रही है। बिजली निगम के अनुसार जिले में रविवार को बिजली की खपत बढ़कर लगभग एक करोड़ 30 लाख यूनिट तक पहुंच गई। बारिश के दौरान तापमान कम होने से बिजली की खपत में गिरावट दर्ज की गई थी लेकिन अब एयर कंडीशनर, कूलर और पंखों के अधिक इस्तेमाल के कारण खपत फिर बढ़ गई है। बिजली निगम के अधिकारी लगातार आपूर्ति बनाए रखने के लिए व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं।
डॉ. अनिल अग्रवाल ने बताया कि बदल रहे मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। गर्मी और उमस के कारण डिहाइड्रेशन, वायरल बुखार, पेट संबंधी संक्रमण और त्वचा संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्का भोजन करने की सलाह दी।
करनाल रोड पर शाम के समय मौसम का दृश्य। संवाद