कैथल। शीतकालीन अवकाश खत्म के बाद वीरवार को जिलेभर में स्कूल खुल गए। स्कूल खुलने के बाद सुबह से ही विद्यार्थी सड़कों पर साइकिल और पैदल ही ठिठुरते हुए स्कूल जाते हुए दिखाई दिए। बता दें कि प्रदेश सरकार ने अधिक ठंड के कारण 15 दिन के अवकाश के बाद स्कूल खोलने का निर्णय लिया था। हालांकि अवकाश के बाद पहले दिन स्कूल पहुंचने वाले बच्चों की संख्या कम रही। बता दें कि अंबाला और कुरुक्षेत्र में तो दो दिन तक अवकाश बढ़ाने का वहां के जिला उपायुक्त की ओर फैसला लिया गया था, लेकिन जिले में अवकाश बढ़ाने का कोई फैसला नहीं लिया गया था।
गौरतलब है कि प्रदेश में कुछ स्कूल ऐसे हैं जहां सुबह और शाम दो शिफ्टों में कक्षाएं लगती हैं। सुबह की शिफ्ट का समय और दोपहर बाद की शिफ्ट का समय तय किया गया है। इसी कड़ी में जिले में कई स्कूलों में दो शिफ्टों में कक्षाएं लगाई जाती हैं। इसमें एकल शिफ्ट वाले स्कूल सर्दियों में सुबह साढ़े नौ से दोपहर साढ़े तीन बजे तक चलते हैं। जबकि दो शिफ्ट वाले स्कूल पहली शिफ्ट में सुबह 7:55 से 12:30 तक और दूसरी शिफ्ट में दोपहर 12:40 से शाम 5:15 तक कक्षाएं लगती हैं। जिला शिक्षा अधिकारी रामदिया गागट ने बताया कि सरकार के आदेशों के तहत वीरवार से शीतकालीन अवकाश खत्म होने के बाद स्कूलों को खोल दिया गया है। इसके तहत पहले दिन कुछ स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या तो कम रही, लेकिन स्कूलों में तय समय अनुसार कक्षाएं लगी हैं। अब आगामी दिनों में बच्चों की हाजिरी लगातार बढ़ेगी।