कैथल। पूंडरी क्षेत्र के गांव पाई में स्कूल जा रही आठ वर्षीय छात्रा सड़क हादसे में घायल हो गई। घायल बच्ची को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव पाई निवासी बलिंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 जुलाई की सुबह करीब 7:50 बजे उसका बड़ा भाई जयपाल अपनी दोनों बेटियों को मोटरसाइकिल पर स्कूल छोड़ने जा रहा था। सिसमौर रोड पर सुरेश किरयाना स्टोर के सामने पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आए एक बाइक चालक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में जयपाल और दोनों बच्चियां सड़क पर गिर गईं, जबकि आरोपी चालक मौके से भाग गया। घायल छात्रा सिमरन को तुरंत नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है।