खंड स्तरीय नृत्य प्रतियोगिता में प्रस्तुति देते विद्यार्थी। विज्ञप्ति
राजौंद। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में खंड स्तरीय रोल प्ले और लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न स्कूलों के करीब 80 विद्यार्थियों ने भाग लेकर प्रतिभा दिखाई। विद्यार्थियों ने नृत्य और अभिनय के माध्यम से नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक समानता का संदेश दिया। लोक नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली और रोल प्ले में पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सौंगल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी एवं डाइट प्राचार्य प्रमोद कुमार के मार्गदर्शन में जनसंख्या शिक्षा प्रकोष्ठ, एससीईआरटी हरियाणा के सहयोग से किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी संदीप नैन मुख्य अतिथि रहे। विद्यार्थियों ने रोल प्ले के माध्यम से पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत सुरक्षा, डिजिटल साक्षरता और नशे से बचाव के प्रति जागरूक किया। वहीं लोक नृत्य में संयुक्त परिवार, पर्यावरण संरक्षण और किशोरावस्था में स्वस्थ संबंधों जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में पीजीटी जितेंद्र कुमार और संदीप कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
संगीत अध्यापक आलोक कुमार ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर डाइट के डीआरयू प्रभारी डॉ. राज कुमार, कार्यक्रम नोडल अधिकारी भूपेंद्र सिंह, कुलदीप वर्मा और प्रदीप सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता बढ़ती है।
लोक नृत्य में सेरधा दूसरे और राजौंद स्कूल तीसरे स्थान पर
लोक नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखोली प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेरधा द्वितीय और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजौंद तृतीय स्थान पर रहा। रोल प्ले में पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सौंगल प्रथम, एएमएसएसएस सौंगरी द्वितीय और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखोली तृतीय स्थान पर रहा।
खंड स्तरीय नृत्य प्रतियोगिता में प्रस्तुति देते विद्यार्थी। विज्ञप्ति