संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। राजीव गांधी खेल स्टेडियम रोहेड़ा में खंड राजौंद की स्कूल स्तरीय अंडर-11 लड़के एवं लड़कियों की खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। कबड्डी में जहा सत्य भारती स्कूल सोंगरी विजेता बना वहीं रस्साकशी प्रतियोगिता में एमडी स्कूल राजौंद ने बाजी मारी।
प्रतियोगिता में खंड के विभिन्न स्कूलों से करीब 250 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पहले दिन लड़कों के मुकाबले करवाए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में उत्साह और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किठाना के प्राचार्य डॉ. सत्यवान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोंगरी के प्राचार्य रमेश कुमार और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोहेड़ा के प्राचार्य बलविंदर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं।
नोडल अधिकारी सोहन पाल ने बताया कि प्रतियोगिता खंड शिक्षा अधिकारी संदीप नैन के मार्गदर्शन में करवाई जा रही है। इस अवसर पर ज्योति, सुरेंद्र शास्त्री सहित खंड के शारीरिक शिक्षक मौजूद रहे।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
पहले दिन हुए मुकाबलों में कबड्डी में सत्य भारती स्कूल सोंगरी ने प्रथम और सरस्वती हाई स्कूल रोहेड़ा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। रस्साकशी में एमडी स्कूल राजौंद प्रथम और सत्य भारती स्कूल सोंगरी द्वितीय रहा। खो-खो में एसडीएम स्कूल राजौंद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शतरंज में एमडी स्कूल राजौंद विजेता रहा।
एथलेटिक्स मुकाबलों में 100 मीटर
दौड़ में सत्य भारती स्कूल के ऋषभ ने प्रथम और किठाना स्कूल के सिद्धार्थ ने द्वितीय स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में सत्य भारती स्कूल के प्रिंस प्रथम और केपीएस स्कूल के आर्यन द्वितीय रहे। 400 मीटर दौड़ में केपीएस स्कूल के अजय प्रथम और एपीएस के हुनर द्वितीय रहे। 4×400 मीटर रिले में सत्य भारती स्कूल की टीम प्रथम और एसडीएम स्कूल राजौंद की टीम द्वितीय रही।