संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेड़ी गुलाम अली के हिंदी अध्यापक सतबीर सिंह जागलानी ने हावड़ा–पटियाला में आयोजित 12वीं हाफ मैराथन में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए शीर्ष पांच में स्थान बनाया। यह मैराथन ब्रिटिश इंडियन मैराथन रनर सरदार फौजा सिंह की याद में जनहित समिति, पटियाला ने आयोजित की थी।
कार्यक्रम का उद्घाटन पटियाला रेंज के डीआईजी कुलदीप चाहल ने हरी झंडी दिखाकर किया। सतबीर सिंह ने पांच किलोमीटर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष पांच में स्थान प्राप्त किया। हजारों प्रतिभागियों की मौजूदगी में आयोजित इस मैराथन में युवाओं ने नशामुक्त जीवन का संदेश देते हुए जोश और उत्साह के साथ भाग लिया।
प्रतियोगिता में 5, 10 और 21 किलोमीटर के साथ बच्चों के लिए 1 किलोमीटर श्रेणी भी शामिल थी। सैकड़ों महिलाओं ने भी भाग लेकर नारी सशक्तिकरण और खेल भावना का परिचय दिया। विद्यालय लौटने पर प्रधानाचार्य हरपाल सिंह और स्टाफ ने सतबीर सिंह का फूलमालाओं से स्वागत किया इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के सदस्य भारत, जयपाल, मनजीत, शमशेर, राकेश, नरेंद्र, भूपेंद्र, संदीप, रमेश, प्रीति पाल, चीनू, अंजु, ममता और महेश सहित अन्य उपस्थित रहे।