गुहला/चीका। खंड गुहला के सरपंचों की बैठक बीडीपीओ कार्यालय के सभागार में बुलाई गई। इसमें लोकसभा चुनाव में किसी एक पार्टी को समर्थन देने पर विचार विमर्श किया। विभिन्न गांवों के सरपंचों ने अपनी अपनी राय रखी, लेकिन सरपंच एसोसिएशन किस पार्टी को अपना समर्थन देगी अंत तक भी यह निर्णय नहीं लिया जा सका।
बैठक के दौरान भाजपा सरकार की ओर से लागू की गई ई टेंडरिंग प्रणाली पर सरपंचों ने नाराजगी जाहिर की लाठीचार्ज पर रोष प्रकट किया।
एसोसिएशन के प्रधान गुरताज सिंह ने कहा कि सरकार की ई टेंडरिंग प्रणाली को लेकर सरपंचों में जबरदस्त नाराजगी है। ई टेंडरिंग की वजह से ग्रामीण क्षेत्र के विकास कार्य ठप होकर रह गए है। गुरताज सिंह ने कहा कि जिस दिन से पंचायतों का गठन हुआ है, तब से लेकर आज तक बहुत सारे सरपंचों व पंचों का मानदेय तक नहीं दिया गया है, इसके चलते भी सरपंचों में भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में गुहला की सरपंच एसोसिएशन किस पार्टी को समर्थन देगी। इस बारे में अगले एक दो दिनों में बैठक बुला निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में सरपंच सतनाम सिंह गढ़ी नजीर, राजविंद्र कौर डेरा गोबिंदपुरा, कर्मजीत भाटियां, मालक सिंह
हेमू माजरा, सरबजीत लालपुर, जसपाल नंदगढ़, सतनाम खरकड़ा, अमरजीत शादीपुर, होशियार सिंह चाबाहरदीप
सिंह खराल आदि मौजूद रहे। संवाद