गुहला-चीका। सरकारी आदेशों की पालना न करने पर थेह नेवल गांव की महिला सरपंच रामरत्ति को डीसी ने तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
थेह नेवल गांव के ही धर्मपाल नामक एक व्यक्ति ने डीसी सहित मानव अधिकार आयोग चंडीगढ़ व लोकायुक्त को एक पत्र लिखकर गुहार लगाई थी कि उसके घर के सामने एक नाजायज शौचालय बनवा दिया गया था। जिसके चलते उसे अपने घर का दरवाजा बंद करना पड़ा था।
इसके अतिरिक्त शिकायतकर्ता ने सरपंच पर सरकारी संपत्ति के नुकसान, कब्जा करने व सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप भी लगाए थे। धर्मपाल ने बताया कि उसकी शिकायत पर जब काफी समय से सुनवाई नहीं हुई तो उसने मानव अधिकारी आयोग व लोकायुक्त के पास गुहार लगाई जिसके बाद अब डीसी ने सरपंच को निलंबित किया है।
इस बीच शिकायतकर्ता धर्मपाल ने डीसी से मांग की है कि सरकारी कार्य में कोताही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए व उसके मकान के सामने से शौचालय को हटवाकर उसके बंद दरवाजे को खुलवाया जाए। बीडीपीओ संजय टांक ने सरपंच के सस्पेंशन की पुष्टि की है।