कैथल। पंचायत चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण पद सरपंच के लिए जिले के 15 गांवों में सर्वसम्मति की सूचना है। देर रात 11:05 बजे तक जुटाई जानकारी के अनुसार 15 ऐसे गांव हैं, जहां एक-एक उम्मीदवार मैदान में बचा है। इस तरह से वे सरपंच निर्वाचित हो गए हैं। इससे इन गांवों में जश्र का माहौल है।
गौरतलब है कि जैसे ही चुनाव की घोषणा हुई थी, उसी समय से चुनाव के लिए उम्मीदवारी को लेकर मंथन शुरू हो गया था। नामांकन पत्र भरने के दिन की शुरुआत से 19 अक्तूबर नामांकन पत्र भरने के अंतिम दिन तक भी कई गांवों में सर्वसम्मति के बावजूद एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में आ डटे थे। शुक्रवार 21 अक्तूबर तक नामांकन पत्र वापस लेने के दिन 15 गांवों में स्थिति साफ हो गई। जहां केवल एक-एक उम्मीदवार ही चुनावी मैदान में बचा है।
रात्रि 11 बजे तक पंचायत एवं विकास विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कैथल ब्लॉक के गांव देवीगढ़ व सिल्लाखेड़ा पट्टी डोगर, कलायत के गांव कौलेखां व शिमला, राजौंद के गांव बिरथे बाहरी, गुहला के गांव खेड़ी दाबन, भाटिया, चाबा, बिच्छियां, छन्ना जटान व लंडाहेड़ी, पूंडरी ब्लॉक का गांव डुलियाणी व सीवन ब्लॉक में कच्ची पिसौल, पिसौल व नाग्गल गांव में सर्वसम्मति की सूचनाएं हैं। ढांड ब्लॉक के किसी गांव में सर्वसम्मति की सूचना नहीं हैं।
देर रात तक अपलोड हुई रिपोर्ट, सर्वर के धीमा होने के कारण आई परेशानियां-सभी ब्लॉकों में देर रात तक कर्मचारी पंच, सरपंच व ब्लॉक समिति के लिए नामांकन पत्रों की वापसी के बाद की स्थिति अपलोड करते रहे। इसी बीच सर्वर के धीमा होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिस कारण रिपोर्ट देरी से अपलोड की जा सकी। कर्मचारियों का कहना था कि शनिवार सुबह तक ही सारी रिपोर्ट अपलोड हो पाएगी। समाचार लिखे जाने तक ब्लॉकों की रिपोर्ट के इंतजार में डीडीपीओ कार्यालय की पूरी टीम कंप्यूटर पर आंखे गड़ाए बैठी थी।