सारन को तितरम से जोड़ने वाली खस्ताहाल सड़क। संवाद
कसान। गांव सारन को तितरम गांव से जोड़ने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क सारन से तितरम होते हुए आगे जींद रोड नेशनल हाईवे तक जाती है, जिस पर रोजाना सैकड़ों लोग शहर आने-जाने के लिए सफर करते हैं। ग्रामीण जसविंदर का कहना है कि सड़क लंबे समय से खस्ताहाल बनी हुई है। कुछ दिन पहले विभाग की ओर से सड़क पर पेचवर्क किया गया था, लेकिन वह भी थोड़े समय में उखड़ गया। अब सड़क पर दोबारा गड्ढे बन गए हैं जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि सड़क की केवल मरम्मत नहीं बल्कि नए सिरे से निर्माण करवाया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को परेशानी के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द सड़क को दुरुस्त करवाने की मांग की है ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
सारन को तितरम से जोड़ने वाली खस्ताहाल सड़क। संवाद