संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव थेह मुकेरिया में एक हादसे में ढाबे पर काम करने वाले करीब 25 वर्षीय सफाईकर्मी टिंकू की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक को पीछे करते समय वह उसकी चपेट में आ गया और टायर उसके ऊपर से गुजर गया।
ढाबे पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और कार्रवाई शुरू की। मृतक के भाई काली की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
काली ने बताया कि उसका बड़ा भाई टिंकू गांव थेह मुकेरिया स्थित एक ढाबे पर बर्तनों की सफाई का काम करता था। ढाबे पर ट्रक चालकों का आना-जाना लगा रहता है। घटना के समय टिंकू अपना काम खत्म करने के बाद वहीं खड़ा था। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने वाहन को पीछे करना शुरू कर दिया। जब तक आसपास मौजूद लोग आवाज लगाते, तब तक टिंकू ट्रक की चपेट में आ चुका था।
ट्रक का टायर उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक सहित मौके से भाग गया। काली ने बताया कि टिंकू अविवाहित था और लंबे समय से ढाबे पर काम कर परिवार का सहारा बना हुआ था। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
गुहला थाना प्रभारी सनेष कुमार ने बताया कि ट्रक से युवक के कुचले जाने की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा चालक का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार घायल
कैथल। तितरम के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। हादसे में बेलरखां निवासी बृजपाल को चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बृजपाल ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई आर्यन के साथ बाइक पर सवार होकर वाया कलायत, चंदाना व तितरम होते हुए देबन भात में जा रहे थे।
दोपहर करीब 12 बजे गांव कैलरम के पास राधा स्वामी धर्मकांटा के नजदीक एक ट्रक चालक तितरम की ओर से कलायत की तरफ आ रहा था। आरोप है कि ट्रक चालक ने लापरवाही से बिना हॉर्न दिए वाहन की पिछली साइड से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए और घायल हो गए।
हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया। पीछे आ रहे परिजनों ने घायलों को संभाला और बृजपाल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल कैथल पहुंचाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद