कैथल। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन ने अपनी लंबित मांगों के लिए 21 जुलाई को कैथल के लघु सचिवालय में जिला स्तरीय प्रदर्शन करने की घोषणा की है। यूनियन के जिला प्रधान बीरभान जाखौली ने बताया कि 29 मई को सरकार के साथ हुई वार्ता में 18 मांगों पर सहमति बनी थी लेकिन अब तक केवल 2100 रुपये वेतन बढ़ोतरी का आदेश जारी किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बढ़ोतरी 1 जनवरी के बजाय 1 जुलाई से लागू की गई जिससे कर्मचारियों में रोष है। यूनियन ने छह माह का बकाया एरियर, शेष मांगों की अधिसूचना जारी करने, सेवानिवृत्ति पर पांच लाख रुपये, पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की भर्ती, ब्याज मुक्त ऋण, वर्दी भत्ता और बीमा सुविधा सहित अन्य मांगों को जल्द लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।