संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सांसद नवीन जिंदल की अनुशंसा पर प्रदेश सरकार ने हरियाणा ग्रामीण विकास निधि (एचआरडीएफ) के तहत कैथल जिले के विभिन्न गांवों में विकास कार्यों के लिए एक करोड़ 40 लाख 64 हजार रुपये की राशि स्वीकृत कर जारी कर दी है। पंचायतों की ओर से भेजे गए प्रस्तावों को मंजूरी दिलाने में सांसद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिंदल कार्यालय के प्रभारी रविंद्र धीमान ने बताया कि इस राशि से विभिन्न ब्लॉकों के गांवों में चौपाल, गली निर्माण, मंदिर और श्मशान घाट के शेड तथा रास्तों के निर्माण जैसे कार्य करवाए जाएंगे। इनमें ब्लॉक ढांड के खेड़ी रायवाली में पंचायत भूमि पर शेड निर्माण, पुंडरी ब्लॉक के अहमदपुर में बीसी चौपाल, सलीमपुर मदूद में खेतों के रास्ते, बाकल में प्राचीन शिव मंदिर के पक्के रास्ते और हाबड़ी में डायचर ब्रिज के रास्ते के लिए राशि स्वीकृत की गई है।
कलायत के बड़सिकरी खुर्द में कुम्हार चौपाल, वजीरनगर में माता रानी पौंड के रास्ते, राजौंद के किठाना में चहल पट्टी चौपाल की मरम्मत, कालासर में गोस्वामी चौपाल निर्माण और बालू गादड़ा में गली निर्माण के लिए भी धनराशि जारी की गई है। कैथल के जसवंती में श्मशान घाट के बरामदे, गुहला के शादीपुर में मंदिर की गली और खंबाहेड़ा में गुरुद्वारे के पास शेड निर्माण तथा कंवारतन में दादा खेड़ा मंदिर के पास गली निर्माण के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है।
सीवन ब्लॉक के लंडरकीमा, प्रेमपुरा और रसूलपुर में गली व रास्ता निर्माण के कार्य भी इसी फंड से किए जाएंगे। वहीं गुहला ब्लॉक के नंदगढ़ में श्मशान घाट में शेड और थेह मुकेरिया में रविदास मंदिर से भूना रोड तक फिरनी पक्की करने के लिए भी धनराशि जारी की गई है।