अब तक सत्ता की भागीदारी को तरस रहे कैथल जिले से भाजपा के स्टार प्रचारक रहे रॉकी मित्तल को हरियाणा सरकार में पब्लिसिटी एडवाइजर बनाया गया है। उन्हें इस आशय के संबंध में पत्र जारी कर दिया गया है। रॉकी मित्तल को हरियाणा सरकार में पब्लिसिटी एडवाइजर (ऑडियो/विजुअल) का जिम्मा दिया गया है। गाने बनाने में माहिर रॉकी मित्तल को सरकार के लिए ऑडियो-वीडियो के क्षेत्र में प्रचार संबंधी काम की जिम्मेवारी दी गई है।
प्रदेश सरकार में योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए जनसूचना और लोक संपर्क विभाग ही काम करता है। लेकिन अब अलग से पब्लिसिटी एडवाइजर (ऑडियो/विजुअल) की नियुक्ति होने से इस क्षेत्र में नए काम होने की संभावनाएं हैं। रॉकी मित्तल वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से पूर्व ही नरेंद्र मोदी के पीएम बनने संबंधी गाना बनाकर चर्चा में आए थे। उस समय देश भर में भाजपा की रैलियों में गाने गाकर भाजपा के पक्ष में माहौल तैयार किया था। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद भी मित्तल हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर म्हारा सीएम सै घणा स्याणा और स्वास्थ्य मंत्री विज को लेकर भी गाने बना चुके हैं। लंबे समय से रॉकी मित्तल को पद मिलने की संभावनाएं जताई जा रही थीं। उन्हें इसी साल से शुरू होने वाले हरियाणा के स्वर्ण जयंती वर्ष के आयोजनों की जिम्मेवारी भी दे दी गई है।
मित्तल ने इस संबंध में कहा कि उन्हें चीफ सेक्रेटरी की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि सरकार में पब्लिसिटी एडवाइजर बनाया गया है। साथ ही स्वर्ण जयंती वर्ष के आयोजनों की जिम्मेवारी भी दी गई है। इस जिम्मेवारी के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम मनोहर लाल खट्टर का आभार व्यक्त करते हैं।