सरकार द्वारा पिछले दिनों चीफ एडवाईजर टू सीएम पब्लिसिटी बनाए गए रॉकी मित्तल ने पदभार ग्रहण कर लिया है। विधिवत रूप से पदभार ग्रहण के बाद मित्तल बुधवार को कैथल पहुंचे तो शहर भर में दर्जनों जगह उनका भव्य स्वागत किया गया। सरकार ने उन्हें लालबत्ती लगी गाड़ी सहित अनेकों सुविधाएं प्रदान की हैं। आने वाले एक साल में स्वर्ण जयंती समारोह के अलावा वे सरकार के प्रचार की जिम्मेदारी संभालेंगे।
सुबह ग्यारह बजे रॉकी मित्तल अपने काफिले के साथ अपने पैतृक गांव बाबा लदाना पहुंचे। जहां डेरा बाबा राजपुरी में पूजा अर्चना की। यहां गांववासी पाला राम, कृष्ण कुमार भारद्वाज, राजा राम सहित अनेकों लोगों ने उनका अभिनंदन किया। इसके बाद मित्तल पूजा के लिए कैथल स्थित बड़ी देवी माता मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने हिंगलॉज देवी की पूजा अर्चना की और आशीर्वाद लिया। यहां शहर भर से एकत्रित समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। साथ ही रंग व गुलाल लगाकर खुशी मनाई। इसके बाद मित्तल नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। जहां परिषद के अध्यक्ष यशपाल प्रजापति व अन्य पार्षदों ने उनका अभिनंदन किया। यहां परिषद अध्यक्ष ने कहा कि रॉकी मित्तल के सहयोग से शहर का विकास करवाया जाएगा। इसके बाद मित्तल लाला लाजपतराय मार्केट, छात्रावास रोड, निरवानिया बिल्डिंग, कबूतर चौक, भगत सिंह चौक, काठ मंडी, जाखौली अड्डा, अनाज मंडी, मॉडल टाउन सहित कई जगह पहुंचे जहां उनका अभिनंदन किया गया।
रॉकी मित्तल ने कहा कि वे पीएम नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के आभारी हैं कि उनके ऊपर विश्वास कर इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। लोकसभा चुनाव से पूर्व पीएम मोदी, चुनाव में भाजपा के लिए बतौर स्टार प्रचारक, विधानसभा चुनाव में सरकार के लिए प्रचार के लिए गानों के साथ-साथ उन्होंने सीएम के लिए भी गाने बनाए हैं। उनके काम की पहचान करते हुए माननीय मुख्यमंत्री ने उन्हें यह जिम्मेवारी सौंपी है। जिस पर से हर हाल में खरा उतरने का प्रयास करेंगे। हाल ही में उन्होंने स्वर्ण जयंती समारोह के लिए न्यूनतम लागत में गाना तैयार किया है। जबकि दूसरे लोगों ने इसी गाने के लिए 14 लाख रुपये बताई थी। जिससे मुख्यमंत्री काफी प्रभावित हुए हैं। उनके द्वारा बनाए गए गाने को अभी से काफी अच्छी पहचान मिल रही है। उम्मीद है स्वर्ण जयंती समारोह में लोग इसे पसंद करेंगे।
इस अवसर पर उनके साथ मॉडल टाउन के प्रधान मुकेश कुमार, सुभाष धनौरी, सतीश जैन, रामनिवास जैन, लव शर्मा, रोनकी बढ़सीकरी, प्रवीण सिंगला, संजय गर्ग, गौरव ढुल पार्षद, कृष्ण सैनी, लालचंद सैनी, काका सचदेवा, मारुति शर्मा, डा. मनोज कुमार, विजय भारद्वाज, ऋषि, पवन कुमार, सुभाष, सुरेंद्र पाड़ला, सतीश रोहेड़ा, बहादुर सिंह, बाबू राम सीवन वाले, मांगें राम कैलरम, जॉनी मित्तल, धर्मबीर कैमिस्ट, संजय भौरिया पार्षद सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे।
लाल बत्ती का सूखा खत्म हुआ
भाजपा सरकार आने पर जिले को अभी तक कोई भी लाल बत्ती नहीं मिली थी। कई भाजपा नेता बोर्ड व निगमों की चेयरमैनी के इंतजार में पलक-पांवड़े बिछाए बैठे हैं। तीस से चालीस सालों तक भाजपा में की गई सेवा के लिए उनका तो अभी इंतजार खत्म नहीं हुआ है। लेकिन पीएम के लिए गाने गाकर चर्चा में आए रॉकी मित्तल ने फिलहाल कैथल की लाल बत्ती का सूखा खत्म कर दिया है।
मोदी के पीएम बनने से पहले की थी उनके पीएम बनने की घोषणा
नरेंद्र मोदी भले ही पीएम वर्ष 2014 में बने हों। लेकिन वर्ष 2012 में ही रॉकी मित्तल ने उनके पीएम बनने की घोषणा करने वाला गाना बना दिया था। इसके बाद से वे चर्चा में आए थे। बाद में लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा का स्टार प्रचारक बनाया गया। उन्होंने पीएम मोदी की 85 रैलियों में गाने गाए थे। प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें पहले कला परिषद का चीफ एडवाईजर बनाया था। जिसे उन्होंने स्वीकार नहीं किया था। अब मित्तल को मुख्यमंत्री पब्लिसिटी में चीफ एडवाईजर बनाया गया है।