संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रोडवेज ने विद्यार्थियों की मांग पर अब ग्योंग गांव के लिए विशेष बस सेवा शुरू की है। इसके तहत अब यह बस सेवा शुरू प्रतिदिन गांव ग्योंग से कैथल और कैथल से ग्याेंग तक चलाई जाएगी, जो दिन में 10 चक्कर आने व जाने के लिए लगाएगी। बता दें कि गांव ग्योंग कैथल से महज पांच छह किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में इस बस के शुरू होने के बाद विद्यार्थियों को काफी सहूलियत होगी।
अब ग्रामीण रूटों पर भी बढ़ रही बसों की संख्या ः गौरतलब है कि कैथल डिपो के बेड़े में लगातार बढ़ रही बसों की संख्या के बीच अब ग्रामीण रूटों पर भी रोडवेज बसों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में इससे पहले कलायत और पूंडरी क्षेत्र में भी कई ग्रामीण रूटों पर नई बस सेवा का संचालन शुरू किया गया है। इसके तहत सिसला धाम, राजौंद में सेरधा व रोहेड़ा और कलायत में भी मटौर, शिमला आदि गांवों के लिए नई बस सेवा का संचालन शुरू किया गया है। इससे इन सभी क्षेत्रों में विद्यार्थियों के साथ अन्य ग्रामीणों को भी लाभ मिल रहा है।
ग्योंग गांव में सैंकड़ों की संख्या में विद्यार्थी स्कूल और कॉलेज में पढ़ाई करने के लिए कैथल आते हैं। ऐसे इस गांव में कुरुक्षेत्र और यमुनानगर से आने-जाने वाली बहुत कम बसें रुकती थी। इसलिए ही विद्यार्थियों ने इस गांव में विशेष बस सेवा शुरू करने की मांग की थी। रोडवेज महाप्रबंधक अजय गर्ग ने इस मांग को पूरा करते हुए ग्योंग के लिए विशेष बस सेवा शुरू की है। इससे विद्यर्थियों को लाभ मिलेगा।
निरंजन सिंह तंवर, ड्यूटी प्रभारी, बस स्टैंड, कैथल।