संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/राजौंद। किच्छाना गांव के पास कैथल-असंध मार्ग पर सोमवार दोपहर को कैथल से असंध जा रही रोडवेज बस का पहिया धंसने से वह सड़क से उतरकर खेतों में पलट गई। हादसे में 11 यात्रियों को चोटें आई हैं। उधर, यात्रियों ने बस चालक पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क पर कीचड़ होने के कारण यह हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार, रोडवेज की बस दोपहर करीब डेढ़ बजे कैथल से असंध की ओर जा रही थी। बस में करीब 65 यात्री सवार थे। बस पलटने के बाद यात्रियों में भय का माहौल पैदा हो गया, लेकिन गनीमत रही कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई। यात्रियों ने बताया कि बस जब किच्छाना गांव के पास पहुंची तो अचानक वह सड़क से नीचे कच्चे रास्ते में उतर गई। फिर वह पलट गई।
यह देख आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और घायल यात्रियों को बाहर निकाल उन्हें कैथल के जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। बस पलटने की सूचना मिलते ही तितरम थाना प्रभारी व डॉयल 112 की गाड़ी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। इस हादसे में दो बच्चों सहित एक महिला को अधिक चोटें लगी है। इन्हें सिर पर चोट लगी है। जिन्हें सामान्य अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में दाखिल करवाया गया है।
उधर, इस बस हादसे में घायल यात्रियों ने चालक पर लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाया है। यात्रियों का कहना था कि जाखौली से आगे किच्छाना के पास सड़क टूटी हुई है। बावजूद इसके बावजूद चालक ने बस को तेज गति से चलाया। इसके चलते दो दिन पहले ही हुई बारिश के कारण सड़क और अधिक खराब थी। इस कारण बस का पहिया धंस गया। यात्रियों ने चालक पर नशे में बस चलाने का भी आरोप लगाया। वहीं, पुलिस की ओर से भी जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, रोडवेज के महाप्रबंधक कमलजीत चहल ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। यात्रियों ने चालक पर नशे में बस चलाने का जो आरोप लगाया है। यह जांच का विषय है। यदि यात्रियों की ओर से पुलिस में कोई शिकायत दी जाती है तो चालक का मेडिकल करवाकर जांच करवाई जाएगी।
उधर, तितरम थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अभी तक किसी यात्री ने शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिली तो आगामी कार्रवाई की जाएगी।
यात्री बोले- सड़क टूटी होने के बावजूद तेज गति से चलाई बस
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कैथल-असंध मार्ग पर किच्छाना गांव में बस पलटने के हादसे के कई कारण यात्रियों ने बताए। मुख्य रूप से कहा कि टूटी सड़क पर कीचड़ है। बावजूद इसके बस चालक ने तेज गति से गाड़ी चलाई। चालक की लापरवाही का आलम यह रहा कि हादसे से पहले जब यात्रियों को झटके लगे तो उन्होंने बस चालक को कई बार रोका। चिल्लाकर ऐसा करने से रोकने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना और बस हादसे का शिकार हो गई।
गौरतलब है कि राजौंद क्षेत्र में किच्छाना कुई से जाखौली के बीच सड़क के निर्माण का कार्य चल रहा है। इस कारण किच्छाना कुई पर नाका लगाकर ट्रैफिक को वाया किच्छाना से जाखौली कोटड़ा गांव से जाखौली के लिए बसें निकाली जा रही है। नतीजा यह सड़क कम चौड़ी होने के कारण आगे से ट्रैफिक को साइड देते समय बस कच्चे में उतरने से पलटने का कारण बन रही हैं।
पिछले महीने भी राजौंद क्षेत्र में निजी बस गिरी थी। इस हादसे में 12 लोग घायल हुए थे। नौच गांव के पस हांसी बूटाना नहर में स्कूल बस गिरने से बच्चों समेत आठ लोग घायल हो गए थे।
मंढवाल निवासी सुरजीत कौर (35) ने बताया कि कैथल उन्हें राजौंद जाना था। सबसे पीछे वाली सीट पर वह बैठी थी। जब बस जाखौली के पास पहुंची तो आगे सड़क खराब थी। इस सड़क पर बस में दो बार झटके लगे परंतु जैसे ही बस किच्छाना गांव के पास पहुंची तो पलट गई। हादसे में उसे सिर पर चोट लगी है।
वहीं, बीरबांगड़ा निवासी 57 वर्षीय कृष्णा देवी ने बताया कि वह भी कैथल से बस में राजौंद जाने के लिए सवार हुई थी। बस चालक ने काफी तेज गति से बस चलाई। इस कारण यह बस सड़क खराब होने के चलते खेतों में जा गिरी। उसे बाजू पर चोट आई है।
धरौदी गांव निवासी संजू (28) ने बताया कि उसके ससुर भीम सिंह और चार वर्षीय बेटे दीपांशु व एक वर्षीय यांशू और पांच वर्षीय बेटी प्रीति घायल हुई है। उसकी बाजू में फ्रेक्चर आया है। इसके अलावा चार वर्षीय बेटे दीपांशु व एक वर्षीय यांशू को सिर पर चोट लगी है।
ड्यूटी पर तैनात डॉ. नवीन कुमार ने बताया कि इस हादसे में तीन बच्चों सहित 11 यात्री घायल हो गए। सभी का इलाज जारी है। इसमें दो बच्चों और दो महिलाओं को अधिक चोटें आई है। एक्सरे रिपोर्ट के बाद सही जानकारी मिल सकेगी।
बस हादसे में घायल
ईस्माइलाबाद निवासी सुरेश कुमार (70), पानीपत निवासी रोशनी देवी (50), पानीपत निवासी सोनू (19) व कृष्णा (50) , धरौदी गांव निवासी संजू 928) व चार वर्षीय दीपांशु, एक वर्षीय यांशु, पांच वर्षीय प्रीति और बुजुर्ग भीम (60), मंढवाल निवासी सुरजीत कौर (35) व बीरबांगड़ा निवासी (57) कृष्णा देवी घायल, रोशनी (50)।
सेरधा और संतोख माजरा के समीप कार का स्टीयरिंग फेल, पांच जख्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राजौंद क्षेत्र में ही बस पलटने के अलावा अन्य एक हादसा सेरधा व संतोख माजरा के समीप हुआ। यहां पर चंडीगढ़ नंबर हुंडाई एसेंट कार दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी में दो बच्चों सहित सात लोग सवार थे। सभी लोग परिवार की एक लड़की की सगाई करने के लिए गांव बाहरी बिगाना जा रहे थे। बताया जाता है कि जब सभी सेरधा से संतोख माजरा के बीच पहुंचे तो उनकी गाड़ी का स्टीयरिंग फेल हो गया और गाड़ी सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में सतीश, मुकेश, वतन, दीपा व सुभाष सहित एक अन्य को चोट आई है।
घायलों को पहले राजौंद सीएचसी में ले जाया गया, वहां से उन्हें बाद में कैथल रेफर कर दिया। परिवार के सदस्य सेरधा निवासी सतीश ने बताया कि हादसे की सूचना पर वे कैथल अस्पताल पहुंचे। घायलों की हालत ठीक है, अभी एक बच्चा बेसुध है, चिकित्सक उसका इलाज कर रहे हैं।
उधर, हादसे का कारण स्टेयरिंग फेल होना बताया गया है। आपातकालीन में तैनात चिकित्सक डाॅ. नवीन कुमार ने बताया कि घायलों की हालत खतरे से बाहर एक बच्चा अभी बोल नहीं रहा है, उसका इलाज चल रहा है। खतरे वाली कोई बात नहीं लग रही है।