कैथल। जिले में तीन सड़कों के दिन बहुरने वाले हैं। बीरबागड़ा, सारण व सौंगरी जाने वाली सड़कों का निर्माण तीन करोड़ 48 लाख 89 हजार 875 रुपये की लागत से कराया जाएगा। इससे इन सड़कों से आने-जाने वाले हजारों राहगीरों को परेशानी से निजात मिलेगी। विभाग की तरफ से टेंडर लगा दिए हैं। छह अप्रैल को इसे खोला जाएगा। इसके बाद मई में सड़कों का निर्माण शुरू हो जाएगा।
गौरतलब है कि करीब 15 सालों से राजौंद से बीरबागड़ा, सौंगरी व सारण जाने वाली सड़क खस्ताहाल हो चुकी हैं। इन पर जगह- जगह गहरे गड्ढे बने हुए है। राहगीरों को इन गहरे गड्ढों की वजह से काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। राहगीर रमेश, सतबीर, नवाशा, राजेंद्र, नुपिंद्र, बीरभान, रामफल ने बताया कि 15 साल पहले इन सड़कों को बनाया गया था। उसके दो साल बाद ही सड़क टूट गई थी। बारिश के समय सड़कों पर बने गहरे गड्ढों में गिरकर दो पहिया वाहन चालक घायल हो रहे थे। बीमारी व्यक्ति को शहर तक लाने व ले जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार अनाज से भरी ट्रालियां तक पलट चुकी हैं। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों ने राज्य मंत्री को सड़क बनवाने की मांग की थी। उसी मांग के बाद विभाग ने उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया था। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बन जाने के बाद आने जाने में कोई परेशानी नहीं हो होगी। सड़क की हालत खस्ता होने से इन वाहन चालकों को जहां आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं समय भी बर्बाद हो रहा है। अब समय के साथ आर्थिक नुकसान से लोगों का बचाव होगा। आसपास के लोगों ने संबंधित विभाग का आभार भी जताया है।
पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन केसी पठानिया ने कहा कि तीन करोड़ 48 लाख 89 हजार 875 रुपये की लागत से तीनों सड़कों का निर्माण कार्य किया जाएगा।