कैथल। खेड़ी गुलाम अली गांव से लेकर सीवन कस्बा तक सड़क खस्ताहाल हो चुकी है। इस कारण वाहन चालक बेहाल हैं। वाहन चालकों को इस बदहाल सड़क के कारण कई बार तो हादसों को भी झेलना पड़ता है। इस सड़क में रात के समय गुजरना खतरे से खाली नहीं है।
इस सड़क के खराब होने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क के निर्माण न होने से हर समय हादसों का भय बना रहता है। इस मार्ग पर करीब दो किलोमीटर तक ही सड़क खराब है। यह पूरा मार्ग करीब पांच किलोमीटर की है। इस सड़क का निर्माण करीब डेढ़ साल पहले हुआ था, लेकिन इसे अधर में छोड़ दिया था।
लोक निर्माण विभाग के सब डिविजन नंबर दो के कार्यकारी अभियंता वरुण कंसल ने बताया कि हलके में अधिकतर सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है। जिन सड़कों का निर्माण अभी लंबित है, उन सड़कों का एस्टीमेट बनाकर विभाग के मुख्यालय में भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने पर सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
गड्ढों से हादसों की संभावना
ग्रामीण सचिन कालड़ा ने बताया कि इस सड़क का निर्माण पिछले कई सालों से अधर में लटका है। कुछ समय पहले हस इस सड़क का निर्माण तो किया, लेकिन फिर भी आधी अधूरा सड़क को बीच में ऐसे ही छोड़ दिया गया। इसके बाद से ही इस सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों से यहां पर हादसों की संभावना रहती है।
बारिश में पैदल चलना दूभर
ग्रामीण सुखदेव ने बताया कि बारिश के मौसम में इस मार्ग पर पैदल चलना भी दूभर हो जाता है। बारिश के समय सड़क पर जलभराव हो जाता हैं। वाहनों के पानी में फिसलने के कारण चालकों को हादसों का शिकार होना पड़ता है। रात के समय भी बड़े-बड़े गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं। इस सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाया जाना चाहिए।