कैथल। शहर के सेक्टर-18 में पार्कों और ग्रीन बेल्ट के साथ लगती सड़कों को चौड़ा करने और उनकी हालत सुधारने की तैयारी है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण यानी एचएसवीपी ने इसके लिए 79.60 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है।
परियोजना के तहत करीब 800 मीटर लंबी ग्रीन बेल्ट और सेक्टर के आठ पार्कों के आसपास विकास कार्य किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार नवंबर के अंत तक काम शुरू होने की संभावना है। सेक्टर में पार्कों और ग्रीन बेल्ट की तरफ जाने वाली सड़कों पर काम किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार कुछ स्थानों पर सड़क की कुल चौड़ाई करीब 40 फीट है जबकि करीब 30 फीट हिस्से में पहले से सड़क बनी हुई है। ऐसे में शेष हिस्से में पेवर ब्लॉक और अन्य जरूरी कार्य कर सड़क के उपयोग योग्य हिस्से को बेहतर बनाया जाएगा। पार्कों के आसपास करीब 10 फीट तक पेवर ब्लॉक लगाने और सीसी लॉकिंग का काम होने से सड़कें चौड़ी होंगी।