ढांड। करनाल-पटियाला हाइवे पर पीने के पानी की पाइप लाइन लीक होने से सड़क पर जलभराव रहता है। जिससे सड़क पर गंदा पानी भरा रहता है। इसके अलावा पाइप लाइन लीक होने के कारण घरों और आसपास के क्षेत्र में भी दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। जिससे दुकानदार और लोग परेशान है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की है।
दुकानदार कृष्ण कुमार, गोल्लु,राजेश,नरेश ने बताया कि पंचमुखी चौक के पास सड़क के बीचों-बीच बिछाई गई पानी की पाइप लाइन कई दिनों से लीक है। जिससे सप्लाई के समय पानी सड़क पर व्यर्थ बहता रहता है और दुकानों के सामने एकत्रित हो जाता है। इससे दुकानदारी प्रभावित होने के साथ मच्छर पनप रहे है। इससे क्षेत्र में डेंगू फैलने का अंदेशा बना हुआ है। सड़क पर लगातार पानी जमा होने से सड़क भी टूटने लगी है। दुकानदारों का कहना है कि एक ओर जहां विज्ञापनों व जागरूकता कार्यक्रमों में के माध्यम से पानी बचाने का संदेश दिया जा रहा है वहीं विभाग की अनदेखी से हजारों लीटर पानी व्यर्थ में बह रहा है। दुकानदारों का कहना है कि वे पाइप लाइन की लीक को ठीक करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से कई बार गुहार लगा चुके है,लेकिन समस्या का कोई समाधान नही हो रहा है। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि पीने के पानी की लाइन में हुई लीकेज को ठीक करवाया जाए।