संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के करनाल रोड से ढांड रोड के रास्ते पर ऋषि नगर में बनी आधा किलोमीटर की सड़क में घोटाले का आरोप लगे हैं। लोगों का कहना है कि जरा सी ठोकर लगने पर यह उखड़ने लगती है। यह जानकारी मिलने के बाद मौके पर सड़क का जायजा लेने के लिए नगर परिषद अध्यक्ष सुरभि गर्ग व कार्यकारी अधिकारी कुलदीप मलिक पहुंचे।
जब उन्होंने सड़क की ऐसी हालत देखी और उन्हें शिकायत सही लगी। इसके बाद ठेकेदार का भुगतान रोकने का फैसला लिया गया। साथ ही सड़क पर प्रयोग की गई निर्माण सामग्री के सैंपल लेने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए।
गौरतलब है इस सड़क का निर्माण करीब 29 लाख रुपये से बनाई जा रही है। यह पैर की ठोकर मारने से ही उखड़ रही है। कॉलोनी के लोगों ने सड़क निर्माण में सवाल उठाते हुए इसकी शिकायत नगर परिषद अध्यक्ष सुरभि गर्ग को दी थी। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों सहित मौके पर पहुंची अध्यक्ष को यह शिकायत सही मिली। गौरतलब है कि इस सड़क का निर्माण दो दिन पहले ही शुरू किया गया था। एक किलोमीटर तक बनने वाली इस सड़क का निर्माण भी करीब आधा किलोमीटर तक ही हुआ है।
अध्यक्ष सुरभि गर्ग ने बताय कि सड़क को देखने से ही इसकी गुणवत्ता की जानकारी मिली है। यह बिल्कुल घटिया स्तर की है। उन्होंने मौके पर पहुंचे कार्यकारी अधिकारी कुलदीप मलिक को निर्देश दिए कि उनके विभाग की टेक्निकल टीम और ठेकेदार की जवाब देही तय हो। सड़क के सैंपल लेकर लैब में चेक करने के लिए भेजे जाएं, जब तक सैंपल की रिपोर्ट नहीं आती तब तक ठेकेदार की कोई भी भुगतान नहीं किया जाएगा।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी कुलदीप मलिक ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर लोगों की शिकायत मिली थी, वह अध्यक्ष के साथ मौके पर पहुंचे, सड़क को देखने से ही क्वालिटी बहुत निम्न स्तर की है। अध्यक्ष के आदेशों के तहत सड़क की निर्माण सामग्री के सैंपल श्रीराम लैब व एनआईटी कुरुक्षेत्र को भेजे जाएंगे। सैंपल की रिपोर्ट आने तक ठेकेदार का कोई भी भुगतान नहीं किया जाएगा।