कैथल। आरकेएसडी कॉलेज के प्रांगण में सोमवार को भारत विकास परिषद शाखा ने भारत को जानो प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता करवाई। कनिष्ठ वर्ग में आरकेएसडी स्कूल और वरिष्ठ वर्ग में आरोही मॉडल स्कूल रामगढ़ पांडवा की टीम अव्वल रही।
भाविप सचिव डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि भारत को जानो प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग और वरिष्ठ वर्ग में 22 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में पहले स्क्रीनिंग टेस्ट के द्वारा दोनों वर्गों की टॉप पांच टीमों का चयन किया गया। इसके बाद मंच पर टॉप इनके बीच प्रतियोगिता कराई गई।
कनिष्ठ वर्ग में आरकेएसडी स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं वरिष्ठ वर्ग में आरोही मॉडल स्कूल रामगढ़ पांडवा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
क्विज मास्टर की भूमिका में कार्यक्रम संयोजक निधि शर्मा और डॉ. अभिषेक गोयल ने निभाई। राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में संस्कृत और हिंदी के देशभक्ति गीतों पर आधारित समूह गान प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें पांच टीमों ने हिस्सा लिया। प्रथम स्थान पर ओएसडीएवी विद्यालय की टीम, द्वितीय स्थान पर द माइलस्टोन विद्यालय की टीम और तृतीय स्थान पर इंडस स्कूल की टीम रही।
कार्यक्रम संयोजक अशोक गुप्ता ने बताया कि इस प्रतियोगिता में विद्यालयों को चेतना के स्वर नामक किताब दी जाती है। इसमें देशभक्ति और प्रेरणादायी गीतों का संकलन है। इन गीतों में से किसी एक गीत पर टीम को प्रस्तुति देनी होती है।
हर कार्य लगन और मेहनत के साथ करना चाहिए ः डॉ. मनोज
कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर नई अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान रामकुमार गर्ग, विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. भीम राव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार भाम्बू रहे। डॉ. मनोज कुमार ने अपने वक्तव्य में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी को हर कार्य लगन और मेहनत के साथ करना चाहिए, मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को एक न एक दिन सफलता अवश्य मिलती है।
कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. अशोक गर्ग ने कहा कि देश-भक्ति गीतों से विद्यार्थियों में देश के प्रति प्यार बढ़ता है और चरित्र का निर्माण होता है। इन गीतों को याद करने वाला विद्यार्थी कभी भी राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल नहीं होता। कार्यक्रम में राजकुमार मित्तल, नरेश मित्तल, अश्वनी अग्रवाल, संजीव गौड़, रमेश पबरेजा, रमेश अग्रवाल, रमेश बंसल, बख्शीश गिरधर, संजय गोयल, सुरेश डोलिया, ओमप्रकाश वधवा व हरी मिश्रा मौजूद रहे।