कैथल। आरकेएसडी कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की मौत के मामले में मृतक की पत्नी ने दो व्यक्तियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दो आरोपियों में एक पुलिसकर्मी है, जिसकी गाड़ी में मृतक का शव मिला था। जबकि दूसरा एक डेयरी संचालक है, जिसकी डेयरी में वे इकट्ठे बैठकर खाते-पीते थे। गली नंबर चार पंथ नगर कैथल निवासी सोना देवी ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी कि वह नगर परिषद में सफाई कर्मचारी है। उसका पति कर्मबीर आरकेएसडी कॉलेज में माली की नौकरी करता था। जो लॉकडाउन के कारण अपने घर पर रहता था। उसके पति एक पुलिस कर्मचारी रणधीर व डेयरी संचालक जसबीर के साथ अक्सर बैठकर शराब पीते थे। 16 मई को सुबह छह बजे जब वह ड्यूटी के लिए घर से जा रही थी तो उसने उसके पति को कहा कि घर की दीवार टूटी हुई है जिसकी मरम्मत करवानी है। जब वह करीब आठ बजे अपने घर पर आई तो उसका पति कर्मबीर घर पर नहीं मिला। उसने अपने पोते वंश को कहा कि जसबीर की डेयरी में जाकर अपने दादा को घर बुला लाए, लेकिन वह नहीं मिला।
दोबारा गया तो देखा, शव गाड़ी से उतार रहा था पुलिसकर्मी
दो बजे उसने दोबारा वंश को अपने दादा को बुलाने के लिए डेयरी में भेजा तो वंश ने आकर बताया कि उसके दादा की तबीयत खराब है। जब उसने खुद डेयरी में जाकर देखा तो पुलिसकर्मी रणधीर शराब के नशे में उसके पति कर्मबीर को कार से खींच कर नीचे उतार रहा था। उन्हें आता देख पुलिसकर्मी गाड़ी को छोड़कर वहां से चला गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने उसके दामाद राकेश व भांजे अनिल को वहां बुलाया व पुलिस को सूचना दी। पुलिस आने के बाद जब उन्होंने कर्मबीर को देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति को रणधीर सिंह व जसबीर ने मारा हैं। उसने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सिविल लाइन थाना एसएचओ प्रह्लाद राय ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच की जा रही है।