संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका/कैथल। दूसरे की जगह सीईटी ग्रुप डी की परीक्षा देते पकड़ी गईं सब इंस्पेक्टर व कॉन्स्टेबल ने पुलिस रिमांड में खुलासा किया कि दोनों ने दोस्ती निभाने के लिए अपनी नौकरियां दांव पर लगाई है। आरोपी युवतियों ने बताया कि वे स्वयं तो सरकारी नौकरी लग गई थीं लेकिन उनकी सहेलियां कोई भी परीक्षा पास नहीं कर पा रही थीं। अपनी जिन दोस्तों पूजा व रितु की जगह यह दोनों परीक्षा देने के लिए पहुंची थीं। वह भी पुलिस की तैयारी कर रही थीं, लेकिन सफल नहीं हो पा रही थीं।
पकड़ी गईं युवतियों ने बताया कि उनकी सहेलियां इससे पहले भी ग्रुप डी की परीक्षा पास नहीं कर सकी थीं, जिसका उन्हें मलाल था। इसलिए उन्होंने दोस्ती निभाने के लिए दोनों को परीक्षा पास करवाने की जिम्मेदारी ले ली। मंगलवार को दोनों को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि गुहला में 22 अक्टूबर को हुई सीईटी की परीक्षा में बायोमीट्रिक मिलान न होने पर अमरलता व कविता को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देती हुईं पकड़ी गई थीं। जींद जिले के एक गांव की रहने वाली अमरलता हरियाणा पुलिस में भिवानी में सब इंस्पेक्टर है, वहीं जिला कैथल के गए गांव की रहने वाली कविता कुरुक्षेत्र में हवलदार है।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि असली परीक्षार्थी उचाना निवासी रितु व कैलरम निवासी पूजा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके ठिकानों पर रेड कर रही है, लेकिन वे अभी तक पकड़ी नहीं जा सकी हैं। इस मामले में एक आरोपी युवती के रिश्तेदार मानस निवासी संदीप को भी आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि वह परीक्षा दिलवाने के लिए धोखाधड़ी में शामिल रहा है। संदीप भी अभी फरार चल रहा है।