संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। किसानों की परेशानियों को देखते हुए राइस मिलरों ने हड़ताल खत्म करने का एलान कर दिया है। हरियाणा सेलर एसोसिएशन के राज्य प्रधान हंसराज सिंगला ने बताया कि अभी नई सरकार का गठन नहीं हुआ है। इसमें अभी कुछ समय लगेगा इसलिए किसानों सहित अन्य आढ़तियों को परेशानी का सामना करना पड़ता। उन्हें परेशानी न हो इसलिए उन्होंने यह निर्णय लिया है। अब सुचारु रूप से खरीद जारी हो गई है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही जिले के चीका कस्बे में हुई राइस मिलरों की प्रदेश स्तरीय बैठक में राइस मिलरों की खरीद करने को लेकर सहमति नहीं बनी थी परंतु किसानों और आढ़तियों की मंडी में बढ़ रही समस्याओं को देखते हुए राइस मिलरों ने चुनाव परिणाम आते ही हड़ताल खोलने का निर्णय कर लिया था। साथ चीका में हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में शामिल हुए राइस मिलरों की दोनों एसोसिएशन ने अब हड़ताल खोलकर मंडियों में धान की खरीद का कार्य शुरू कर दिया है।
कुछ समय पहले हुई राज्य स्तरीय बैठक में एक एसोसिएशन हड़ताल समाप्त कर खरीद शुरू करने के पक्ष में थी तो दूसरी एसोसिएशन ने अभी कुछ दिन तक हड़ताल जारी रख इंतजार करने के पक्ष में थी परंतु चुनाव परिणाम जारी होने के बाद से ही कैथल सहित चीका, पूंडरी और ढांड सहित अन्य क्षेत्रों में राइस मिलरों ने धान की खरीद शुरू कर दी है।
उधर, हरियाणा मिलर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन के राज्य प्रधान अमरजीत छाबड़ा ने बताया कि उन्होंने तो बैठक में ही हड़ताल को खोलने की बात रखी थी, लेकिन अन्य कुछ यूनियन इस बात पर राजी नहीं थी परंतु मंडियों में धान की आवक तेज होने के बाद उठान की समस्या बनी थी। इस उठान की समस्या को दूर करने के लिए पूरे प्रदेश में राइस मिलरों को हड़ताल खोलने की सूचना दे दी थी।