कैथल। साइबर ठगों ने पुलिस अधिकारी और वकील बनकर एक रिटायर्ड शिक्षिका को डिजिटल अरेस्ट कर 1 करोड़ 23 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने फर्जी गिरफ्तारी वारंट भेजकर महिला को डराया। इसके बाद व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर फर्जी अदालत लगाकर सुनवाई की। महिला को निर्दोष साबित होने पर पूरे रुपये लौटाने का भरोसा दिया गया। इस बहाने आरोपियों ने तीन दिन तक महिला को अपने नियंत्रण में रखा और बैंक खातों व निवेश की रकम अपने बताए खातों में ट्रांसफर करवा ली। 8 नवंबर को महिला का बेटा घर पहुंचा तो ठगी का खुलासा हुआ।
केनरा बैंक में खाता होने और धोखाधड़ी की रकम आने का दिया झांसा
प्रताप गेट स्थित हनुमान मंदिर के नजदीक रहने वाली वेद कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे रिटायर्ड शिक्षिका हैं। 3 नवंबर को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। फोन करने वाले ने कहा कि उनके नाम पर केनरा बैंक में खाता है जिसमें काफी लेनदेन हुआ है और धोखाधड़ी के रुपये आए हैं। महिला ने इस बैंक में अपना खाता होने से मना कर दिया। इस पर फोन करने वाले ने उनके साथ बहस की और गिरफ्तारी करवाने की धमकी दी।
गिरफ्तारी वारंट भेजकर किया डिजिटल अरेस्ट
महिला के अनुसार 4 नवंबर को व्हाट्सएप पर दोबारा कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को पुलिस अधिकारी विजय खन्ना बताया। उसने कहा कि उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है और पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने आ रही है। इसके बाद व्हाट्सएप पर सरकारी मुहर लगा एक वारंट भेजा गया। इससे वह डर गईं। आरोप है कि फोन करने वाले ने डिजिटल अरेस्ट का विकल्प देते हुए कहा कि उन्हें कैमरे के सामने रहना होगा और किसी अन्य व्यक्ति से बात नहीं करनी होगी। महिला ने डर के कारण उसकी बात मान ली। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें वीडियो कॉल पर लगातार अपने संपर्क में रखा।
फर्जी अदालत लगाकर वकील भी खुद किया पेश
महिला ने शिकायत में बताया कि 5 नवंबर को वीडियो कॉल पर उन्हें अदालत में पेश किया गया। आरोपियों ने उनकी तरफ से राहुल गर्ग नाम का वकील भी पेश कर दिया। वकील ने उनके पक्ष में बहस की। इसके बाद फर्जी अदालत में फैसला सुनाया गया कि उन्हें पहले अपने सारे रुपये सरकारी बैंक खाते में जमा करवाने होंगे। तीन से चार दिन में जांच पूरी होने और निर्दोष पाए जाने पर पूरे रुपये वापस करने का भरोसा दिया गया। आरोपियों की ओर से पेश किए गए वकील ने महिला से सभी बैंक खातों की जानकारी ले ली। इसके बाद एचडीएफसी बैंक में जमा एफडी को समय से पहले तुड़वाकर 33 लाख रुपये का चेक भरवाया गया। महिला ने बैंक जाकर ये रुपये आरोपियों की ओर से बताए गए खाते में आरटीजीएस कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें रुपये जमा होने की फर्जी रसीद भी भेज दी।
किसान विकास पत्र की रकम और 50 लाख रुपये भी करवाए ट्रांसफर
6 नवंबर को फिर वीडियो कॉल पर अदालत में सुनवाई हुई। आरोपियों ने कहा कि सभी खातों में जमा रकम सरकारी खाते में ट्रांसफर करनी होगी। इसके बाद महिला ने डाकघर में जमा करीब 28 किसान विकास पत्रों की 90 लाख रुपये की राशि अपने एसबीआई खाते में ट्रांसफर करवाई। 7 नवंबर को आरोपियों ने उनसे आरटीजीएस का चेक भरवाया। इसके बाद उन्होंने एसबीआई खाते से 50 लाख रुपये आरोपियों के बताए खाते में भेज दिए। इसके अलावा 40 लाख रुपये बंधन बैंक के एक अन्य खाते में ट्रांसफर करने के लिए भी कहा गया। महिला ने इसकी रसीद मांगी तो बाद में भेजने की बात कही गई। आरोपियों ने व्हाट्सएप पर भेजे गए दस्तावेजों को भी बार-बार डिलीट करना शुरू कर दिया।
-
बेटे ने फोन पर बात की तो ठगी का हुआ खुलासा
महिला के अनुसार 8 नवंबर को उनका बेटा घर पहुंचा। इसके बाद उन्होंने उसे पूरी घटना बताई। बेटे ने आरोपियों से फोन पर बात की तो उसे यह साइबर ठगी का मामला लगा। महिला ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई और बाद में साइबर अपराध थाना में लिखित शिकायत दी। महिला ने पुलिस अधिकारी और फर्जी वकील बनकर अलग-अलग मोबाइल व व्हाट्सएप नंबरों से कॉल करने का आरोप लगाया है।
तीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज, जांच शुरू
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि साइबर अपराध थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319 और 204 और आईटी एक्ट की धारा 66 डी के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच इंस्पेक्टर व थाना प्रभारी साहिल कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने शिकायत में बताए गए मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।