आई जी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद मुख्य अतिथि व स्टाफ सदस्य। कॉलेज
कैथल। इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय, कैथल में इतिहास विभाग की ओर से वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। महाविद्यालय के प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने महाराणा प्रताप के जीवन, संघर्ष, त्याग और स्वाभिमान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के युवाओं को भी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जिम्मेदारी और ईमानदारी से कार्य करना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने भी महाराणा प्रताप की ओर से अपनाए गए आदर्शों पर चलने और अपने जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सांयकालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी श्वेता तंवर ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, आत्मसम्मान और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने उनके राष्ट्रप्रेम, वीरता और स्वाभिमान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्राध्यापक वर्ग से सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
आई जी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद मुख्य अतिथि व स्टाफ सदस्य। कॉलेज