बरसात के कारण कलायत शहर के विभिन्न हिस्सों में जमा पानी। संवाद
कलायत। बरसात के बाद कलायत के रिहायशी क्षेत्रों और बाजारों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। शहरवासियों का आरोप है कि बार-बार घरों और दुकानों में पानी घुसने से नुकसान उठाना पड़ रहा है लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे। कैंची चौक से रेलवे स्टेशन तक करीब तीन किलोमीटर लंबे नाले की हालत खराब होने से पुराना बाजार, कश्यप कॉलोनी, कुलवंत नगर, सीता नगर, इंदिरा कॉलोनी, अनाज मंडी और रेलवे रोड सहित कई क्षेत्र प्रभावित हैं।
कई पार्षदों, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व उपायुक्त अपराजिता से समस्या के समाधान की मांग की है। लोगों ने नेशनल हाईवे पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से नाले निर्माण के लिए जारी टेंडर पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस मार्ग पर लोक निर्माण विभाग पहले ही नाले बनवा चुका है। ऐसे में दोबारा निर्माण की जरूरत और इसकी उपयोगिता की जांच होनी चाहिए। लोगों की मांग है कि बजट उन क्षेत्रों में खर्च किया जाए, जहां जलभराव से लोग परेशान हैं।
स्थायी समाधान के लिए उठाए जा रहे कदम
नगर पालिका अभियंता राजेश प्रजापति ने बताया कि शहर में जल निकासी की समस्या दूर करने और विकास कार्यों को गति देने के लिए कार्रवाई की जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में जलभराव का समाधान किया जाएगा।
बरसात के कारण कलायत शहर के विभिन्न हिस्सों में जमा पानी। संवाद