संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कलायत नगर पालिका आम चुनाव में पहली बार पिछड़ा वर्ग बी को आरक्षण मिला। कैथल जिला मुख्यालय पर पालिका आयुक्त कार्यालय में ड्रा प्रक्रिया पूरी करवाई गई। इसमें 16 वार्ड को पिछड़ा वर्ग बी की महिला के लिए आरक्षित हुआ।
जिला पालिका आयुक्त सुशील कुमार नेे नगर पालिका तदर्थ समिति सदस्यों की मौजूदगी में वीडियाग्राफी के बीच इस कार्यवाही को पूर्ण करवाया। इस मौके पर समिति सदस्य के तौर पर एसडीएम कैथल, तहसीलदार दिनेश ढिल्लो, निवर्तमान चेयरपर्सन शशी बाला कौशिक, रणबीर धानियां, निशु अग्रवाल, राजीव राजपूत और सतीश धीमान मौजूद रहे। इसके साथ ही वार्ड 4 व 15 वार्ड को महिला के लिए ड्रा के जरिये आरक्षित किया गया।
कलायत पालिका की नवीनतम वार्डबंदी अनुसार पिछड़ा वर्ग बी के लिए वार्ड आरक्षित करने को जिला पालिका आयुक्त कार्यालय में तदर्थ समिति की बैठक आयोजित की गई। वर्ष 1987 से अस्तित्व में आई कलायत नगर पालिका में पहली बार बीसी-बी को निकाय में आरक्षण मिला है। इससे पहले अनुसूचित और पिछड़ा वर्ग को आरक्षण मिलता रहा है।
गौरतलब है कि भाजपा की मनोहर सरकार मेंं पिछड़ा वर्ग ए के लिए आरक्षण का प्रावधान रखा गया। दीगर है कि कलायत नगर पालिका आम चुनाव को लेकर जो नवीन वार्ड बंदी की गई उसके अनुसार सामान्य वर्ग की आबादी 11309, अनुसूचित 4476 व बीसी-ए 4761 है।
दिसंबर 2024 में सरकार द्वारा बीसी-बी के लिए आरक्षण का प्रावधान किया गया। इसके चलते अलग से नपा द्वारा इस वर्ग की आबादी की छंटनी परिवार पहचान पत्र अनुसार की गई। इस प्रकार शहर की कुल आबादी 20,546 है।
बीएस-बी की आबादी के विवरण पर देर तक हुई बहस
जिला पालिका आयुक्त कार्यालय मेंं तदर्थ समिति की बैठक के दौैरान कलायत के विभिन्न वार्डों में वार्डबंदी अनुसार बीसी-बी व कुछ अन्य वर्गों का डेटा दुरुस्त न होने का मुद्दा देर तक उछला। तदर्थ समिति के गैर सरकारी सदस्यों का तर्क था कि कई वार्डों में नवीन वार्डबंदी अनुसार धरातल पर जातियों का विवरण मेल नहीं खा रहा। चर्चा के दौरान धार्मिक स्थल बीबड़़ी माता के पास स्थित सैनी कालोनी और वार्ड 16 मेंं आबादी विवरण में दुरुस्त नहीं है। इस तरह कई अन्य वार्डों में यह समस्या है। लेकिन नपा अधिकारियों ने विवरण को दुरुस्त बताते हुए ड्रा प्रक्रिया को पूरा करवाया।
शहरी निकाय निदेशक हरियाणा द्वारा जारी आदेश अनुसार कलायत नगर पालिका तदर्थ समिति की बैठक हुई। इसमें बीसी-बी को ड्रा द्वारा आरक्षण दिया गया। इसके तहत वार्ड 16 को बीसी-बी की महिला के लिए आरक्षित किया गया है। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता की दृष्टि से वीडियोग्राफी की गई है। -सुशील कुमार, आयुक्त, जिला पालिका