संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन इस वर्ष भी पुलिस लाइन मैदान में किया जाएगा, जिसमें सांसद नवीन जिंदल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। लघु सचिवालय स्थित सभागार में यह जानकारी देते हुए एडीसी सुशील कुमार ने अधीनस्थों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के साथ आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा।
एडीसी ने जिला शिक्षा अधिकारी को पीटी शो, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने तथा विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। बैठक में ध्वजारोहण, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, बिजली, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई।
एडीसी सुशील कुमार ने कहा कि समारोह में शामिल होने वाली झांकियां भव्य और आकर्षक होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल आयोजित की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परेड के दौरान सभी प्लाटून के बीच बेहतर समन्वय रहे। बैठक में डीएसपी सुशील प्रकाश, डीडीपीओ रितु लाठर, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष, डीआईओ दीपक खुराना, सीएमओ रेणु चावला, कार्यक्रम अधिकारी गुरजीत कौर, रेडक्रॉस सचिव रामजी लाल और जीएम रोडवेज कमलजीत चहल उपस्थित रहे।
एडीसी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया जाएगा। इससे पूर्व मुख्य अतिथि शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित करेंगे। ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे, संबोधन करने के साथ मार्च पास्ट की सलामी लेंगे।