पूंडरी। पूंडरी अनाज मंडी में इस्कान प्रचार समिति की ओर से भागवत कथा आयोजित की जा रही है। मार्केट कमेटी ने आयोजन के एवज में पांच हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से किराया देने आदेश दिए हैं। कमेटी सचिव ने इस संबंध में समिति को नोटिस भेजा है।
विरोध में मंडी एसोसिएशन की बैठक मंडी प्रधान सतीश हजवाना की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मौजूद आढ़तियों ने मार्केट कमेटी सचिव ने नोटिस थमाए जाने पर विरोध किया।
बता दें कि पूंडरी की अनाज मंडी में पिछले 5 दिनसे श्रीमद्भागवत कथा चल रही है। नोटिस की सूचना की भनक जैसे ही मंडी आढ़तियों को लगी तो उन्होंने बैठक बुला ली। मार्केट कमेटी सचिव के मंडी आढ़तियों के प्रति तानाशाह रवैये को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मंडी प्रधान ने कहा कि मार्केट कमेटी सचिव बेवजह आढ़तियों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नोटिस भेजना सरासर गलत हैै। उन्होंने कहा, इससे पहले भी मंडी में विवाह समारोह व धार्मिक समारोह होते रहे हैं। पहले किसी भी सचिव ने उनसे किराया लेने के नोटिस नहीं भेजे। मंडी ऐसोसिएशन ने कहा कि अगर मार्केट कमेटी सचिव ने रवैया नहीं बदला तो मंडी एसोसिएशन मार्केट कमेटी के किसी भी कर्मचारी को मंडी में प्रवेश नहीं करने देगी।
हजवाना ने कहा कि मंडी के पीछे व पाई रोड को जाने वाली सड़क पर लाइटें नहीं जलती। रात के समय अनहोनी या कोई वारदात होने का अंदेशा बना रहता हैै। मीटिंग के बाद मंडी एसोसिएशन के सदस्य उपायुक्त को मिले। उपायुक्त ने उन्हें मार्केटिंग बोर्ड के सीए से मिल कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। मौके पर अजीत सिंह, विनोद बंसल, सतनारायण गर्ग, सतपाल गर्ग डीग, अशोक मंगल, राजिंद्र शर्मा, संदीप सिंगला, प्रवीण गर्ग करोड़ा, रिशी पाल, बलबीर राणा, रमेश चंद बरसाना व वेद प्रकाश जिंदल सहित सभी एसोसिएशन सदस्य मौजूद थे।
बोर्ड के आदेश पर भेजा नोटिस
मार्केट कमेटी सचिव संजीव कुमार ने कहा कि मार्केटिंग बोर्ड के आदेश से नोटिस भेजा है। 2014 से पहले मंडी में किसी प्रोग्राम का पैसा नहीं लगता था, लेकिन विभाग के वर्ष 2014 में जारी पत्र के अनुसार नोटिस भेजा है।