संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। खस्ताहाल असंध-कैथल मुख्य मार्ग को सुधारने के लिए फिलहाल लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने मिट्टी और रोड़ा डलवाया है। राहगीरों के साथ वाहन चलाकों को इससे अस्थायी राहत भले मिल गई हो लेकिन यहां पर मुख्य समस्या पानी की निकासी की है।
गौरतलब है कि राजौंद में हाल ही में हुई बारिश ने असंध-कैथल मुख्य मार्ग पर जलभराव की स्थिति ने न केवल वाहन चालकों, बल्कि स्थानीय दुकानदारों की कमर तोड़ दी है। कई जगहों पर घुटनों तक भरे पानी के कारण सड़क लगभग खत्म हो चुकी है और वहां गहरे गड्ढे बन गए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, लेकिन इस बार बारिश ने हालात बद से बदतर कर दिए हैं।
लोक निर्माण विभाग ने सड़क की पुनर्स्थापना और मरम्मत का खाका तैयार कर लिया है। सफाई करवाकर मिट्टी और रोड़ा डालकर मार्ग को सुधारने का प्रयास किया है, जिससे वाहन चालकों को थोड़ी राहत मिली है। विभाग के अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि वे सड़क निर्माण शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन असली चुनौती पब्लिक हेल्थ विभाग और नगरपालिका समिति के स्तर पर अटकी हुई है।
पानी की निकासी का स्थायी समाधान जरूरी
जब तक नगरपालिका और पब्लिक हेल्थ विभाग नालों की निकासी को सुचारू नहीं करते और पानी की निकासी का स्थायी समाधान नहीं निकालते, तब तक नई सड़क बनाना व्यर्थ है। यदि जलभराव की स्थिति में ही सड़क बना दी जाती है, तो वह कुछ ही दिनों में फिर से टूट जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इन विभागों के बीच सहयोग की कमी के कारण कार्य की गति धीमी हो रही है। जबकि विभाग की तरफ से सड़क को बनाने को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। आम जनता को कीचड़ और जलभराव से राहत देने के लिए लोक निर्माण विभाग ने वैकल्पिक व्यवसथा के तहत मिट्टी और रोड़ा (पत्थर) बिछाया गया है। विभाग का कहना है इससे वाहनों को आवागमन में थोड़ी राहत होगी। दूसरी ओर लोगों का कहना है कि यह ऊंट के मुंह में जीरा है क्योंकि बारिश होते ही यह मिट्टी दलदल का रूप लेगी।
टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। पब्लिक हेल्थ और नगर पालिका के स्तर पर दिक्कत आ रही है। फिलहाल अस्थायी व्यवस्था करते हुए मिट्टी और रोडा डलवाया गया है। ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वे अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। जल्द ही सड़क का स्थायी निर्माण शुरू कराया जाएगा। -सुरेंद्र सिंह, कार्यकारी अभियंता-लोक निर्माण विभाग
सड़क पर जेसीबी से मिट्टी और रोडा डलवाती पीडब्लूडी की टीम।