संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय के पास करनाल रोड स्थित रेलवे फाटक पर मरम्मत के कार्य के चलते यहां की सड़क को उखाड़ा गया था। इसके चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। अब इस रेलवे फाटक की मरम्मत कर इसे दुरुस्त करते हुए यहां पर सड़क का निर्माण कर दिया गया है।
इस सड़क का निर्माण होने के बाद यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत मिली है। बता दें कि पिछले कई दिन से मरम्मत कार्य चलने के कारण फाटक पर पत्थर होने के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतें हो रही थी।
फाटक बंद की थी तीन दिन के लिए, ठीक करने में लगे 11 दिन ः गौरतलब है इस फाटक को मरम्मत के कार्य के तहत पिछले महीने 21 जनवरी को तीन दिन के लिए बंद किया गया था, लेकिन सही तरीके से मरम्मत न होने के चलते यह 31 जनवरी तक भी ठीक नहीं हो पाई थी, लेकिन अब इस फाटक को ठीक कर दिया गया है। इस फाटक पर सड़क के ठीक होने के चलते यहां के स्थानीय लोगों ने भी यहां पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी रेलवे के अधिकारियों को दे दी थी।
रेलवे फाटक पर मरम्मत का कार्य दो दिन पहले ही पूरा कर लिया गया था। सड़क का निर्माण कार्य होना बाकी था। अब इसे भी कर लिया गया है। दोनों तरफ फाटक होने के चलते की कुछ अधिक समय लगा है। वाहन चालकों को परेशानी नहीं होगी। -जेके अरोड़ा, एसएसई, उत्तर रेलवे, कुरुक्षेत्र-नरवाना रेल सेक्शन।