संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। छात्र-छात्राओं को अब कॉलेज और तकनीकी संस्थानों तक पहुंचने में होने वाली दिक्कतों से राहत मिलेगी। परिवहन विभाग ने बस अड्डा से विभिन्न शिक्षण संस्थानों के लिए चलने वाली स्पेशल बसों का समय निर्धारित कर दिया है, जिससे विद्यार्थियों का आवागमन अब सुगम और समयबद्ध हो सकेगा।
अब तक बसों का संचालन विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर आगे-पीछे किया जाता था, जिसके कारण छात्रों को अक्सर लंबा इंतजार करना पड़ता था। कई बार समय पर बस न मिलने के कारण उन्हें ऑटो या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता था, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता था और कक्षाएं भी छूट जाती थीं।
विद्यार्थियों की लगातार मांग के बाद परिवहन विभाग ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नियमित समय सारणी लागू की है। इससे अब छात्रों को तय समय पर बसें मिल सकेंगी।
विद्यार्थी संदीप, मनजीत, सुनील और मनफूल ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि अब उन्हें समय पर कॉलेज पहुंचने में आसानी होगी और अनावश्यक खर्च से भी राहत मिलेगी। पहले बस अड्डा पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ता था, जिससे पढ़ाई प्रभावित होती थी।
टीएम विपुल कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। तय समय के अनुसार बसों का संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि सभी छात्र-छात्राएं समय पर अपने शिक्षण संस्थानों तक पहुंच सकें।
बसों का तय समय
निर्धारित समय के अनुसार आंबेडकर कॉलेज के लिए सुबह तीन बसें चलाई जाएंगी—पहली बस सुबह 8:50 बजे, दूसरी 9:10 बजे और तीसरी 9:30 बजे रवाना होगी। वापसी के लिए दो बसें दोपहर 2:00 बजे और 2:30 बजे उपलब्ध रहेंगी। शेरगढ़ पॉलिटेक्निक कॉलेज के लिए सुबह 9:00 बजे बस सेवा दी जाएगी। वहीं आईटीआई विद्यार्थियों के लिए विशेष बस सुबह 9:00 बजे जाएगी और शाम 4:00 बजे वापसी करेगी।