कैथल। उपायुक्त अपराजिता ने जिले के श्रद्धालुओं से अपील की है कि चारधाम यात्रा-2026 शुरू करने से पहले अनिवार्य रूप से अपना पंजीकरण करवाएं। बिना पंजीकरण के यात्रा के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है। इसका सभी यात्रियों को पालन करना चाहिए। डीसी ने बताया कि यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण व्यवस्था लागू की है। उन्होंने कहा कि जिले से चारधाम यात्रा पर जाने वाले सभी यात्रियों को आधार प्रमाणीकरण के साथ पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के बाद यात्रियों को क्यूआर कोड युक्त रजिस्ट्रेशन पत्र और यूनिक आईडी उपलब्ध कराई जाएगी। धामों में प्रवेश से पहले इन दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और दर्शन के लिए टोकन जारी किए जाएंगे।