संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आगामी 13 जुलाई को कैथल हाफ मैराथन 2025 का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ करेंगे। हाफ मैराथन में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इच्छुक प्रतिभागी www.kaithalhalfmarathon.com पर या स्कैनर के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। एसडीएम अजय कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में लगभग 12 लाख रुपये की कुल नकद राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 21 किलोमीटर की दौड़ में प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 1,50,000 रुपये, द्वितीय स्थान पर 1,25,000 रुपये और तृतीय स्थान पर 1,00,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
10 किलोमीटर मैराथन में प्रथम विजेता को 1,00,000 रुपये, द्वितीय को 75,000 रुपये और तृतीय स्थान पर 50,000 रुपये का पुरस्कार मिलेगा। पांच किलोमीटर की दौड़ फन रेस होगी, जिसमें कोई भी व्यक्ति निशुल्क भाग ले सकता है। 21 किलोमीटर की मैराथन में भाग लेने के लिए 1,000 रुपये और 10 किलोमीटर दौड़ के लिए 500 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क निर्धारित किया गया है। पांच किलोमीटर रेस के लिए रजिस्ट्रेशन पूरी तरह निशुल्क रहेगा।
मैराथन का रूट जल्द ही घोषित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। प्रतियोगिता की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रोफेशनल रन में सभी प्रतिभागियों को किट और चेस्ट चिप उपलब्ध करवाई जाएगी।
इससे दौड़ का परिणाम सटीक और निष्पक्ष रहेगा। इससे पहले भी हरियाणा सरकार द्वारा विभिन्न जिलों में इस प्रकार की मैराथन आयोजित कर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया है।
हाफ मैराथन तीन कैटेगरी में आयोजित होगी
21 किलोमीटर प्रोफेशनल रन
10 किलोमीटर प्रोफेशनल रन
5 किलोमीटर फन रेस