कैथल। आईटीआई कर्मचारियों ने 21 व 22 नवंबर को राजकीय आईटीआई कैथल में होने वाले युवा महोत्सव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। ये महोत्सव जिला प्रशासन के नेतृत्व में आईटीआई, नेहरू युवा केंद्र और एनएसएस के संयुक्त तत्वाधान में करवाया जा रहा है। युवा महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं की छिपी प्रतिभा को मंच देने का है।
हालांकि इससे पूर्व महोत्सव का आयोजन नेहरू युवा केंद्र के तत्वाधान में किया जा रहा था लेकिन अब सरकार ने इसकी कमान नेहरू युवा केंद्र के साथ-साथ आईटीआई को सौंप दी है। समारोह के लिए जिला स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है जिसका अध्यक्ष अतिरिक्त उपायुक्त कैथल को बनाया गया है। इसमें राजकीय काॅलेज के प्राचार्य, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला युवा अधिकारी, जिला युवा समन्वयक अधिकारी व खंड युवा समन्वयक अधिकारियों को शामिल किया गया है। कमेटी की ओर से ग्रामीणों को समारोह के बारे में अवगत करवाने की जिम्मेवारी जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को सौंपी गई है। वहीं जिले के सभी राजकीय और प्राइवेट स्कूलों को अवगत करवाने के बारे में जिला शिक्षा अधिकारी को आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा जिला युवा अधिकारी के माध्यम से सभी युवा क्लबों को आमंत्रित किया गया है। जिला युवा समन्वयक अधिकारी सतीश मच्छाल ने बताया कि समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समारोह को भव्य बनाने को लेकर तथा अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी को लेकर सभी राजकीय आईटीआई के खंड युवा समन्यवक अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित स्कूलों व काॅलेजों में निमंत्रण दे रहे हैं।
नेहरू युवा केंद्र कैथल की जिला युवा अधिकारी दीक्षा मिश्रा ने बताया कि प्रतिभा प्रदर्शन के रूप में लोक नृत्य ग्रुप व एकल, लोकगीत ग्रुप व एकल, कहानी लेखन, कविता, पेंटिंग प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, फोटोग्राफी व विलुप्त होती हरियाणवी लोक कला, लोक नृत्य पर आधारित ग्रुप व एकल प्रस्तुति के अलावा विज्ञान मेले में भी युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। इसमें न केवल स्कूल व काॅलेज के विद्यार्थी, बल्कि कोई अन्य भी भाग ले सकते हैं। जिला युवा महोत्सव में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले युवाओं को जहां हजारों रुपये के नकद इनाम दिए जाएंगे तो वहीं वे राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में अपनी भागीदारी करेंगे।