पूंडरी। गांव हाबड़ी में स्थापित रेजिमेंट स्मारक को अज्ञात शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में रोष का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, स्मारक पर लगे रेजिमेंट के आधिकारिक प्रतीक ‘बाइसन’ की पूंछ तोड़ दी गई तथा बोर्ड को भी उखाड़कर फेंक दिया गया। मामले की जानकारी देते हुए एडवोकेट सोनिया तंवर ने कहा कि यह कृत्य सामाजिक भाईचारे को बिगाड़ने और एक समुदाय की भावनाओं को आहत करने की साजिश है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशासन को घटना से अवगत कराया गया। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं शिव कुमार, थाना प्रभारी पूंडरी, ने बताया कि मामले की सूचना मिली है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। संवाद