संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। बाबू अनंत राम जनता कॉलेज, कौल में युवा एवं सांस्कृतिक विभाग, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सौजन्य से 11वें रत्नावली युवा सांग महोत्सव का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रमों की प्रस्तुति से युवाओं ने सबका मन मोह लिया।
महोत्सव के पहले दिन वीरवार को हरियाणवी लोकनाट्य सांग ‘पिंगला भरथरी’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। आरकेएसडी कॉलेज, कैथल की टीम ने इसकी जीवंत प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सांग की कथा प्रेम त्रिकोण पर आधारित रही, जिसमें मानवीय संबंधों की जटिलताओं को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पति-पत्नी के रिश्ते में ईमानदारी, विश्वास और पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है।
कलाकारों ने सशक्त अभिनय, संवाद अदायगी, पारंपरिक वेशभूषा और मधुर संगीत के जरिए दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़े रखा। इस प्रस्तुति ने हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से भी रूबरू करवाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल ने की, जबकि जिला परिषद उपाध्यक्ष धर्मपाल मुख्य अतिथि रहे। मुख्य अतिथि धर्मपाल ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ हमारी लोक परंपराओं को जीवित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
महाविद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान चौधरी तेजवीर ने कलाकारों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर समिति के उपप्रधान चौ. कंवर सिंह, चौ. कर्ण सिंह, ईश्वर सिंह, सुरेंद्र कुमार, मलखान सिंह, रिंकू उपस्थित रहे।