ढांड। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोलुमाजरा अदानी साइलो में गेहूं बेचने आए किसानों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं जानी। किसानों ने बताया कि अदानी साइलो में गेहूं बेचना उनके लिए बहुत बड़ी चुनौती बन गई है। क्योंकि 24 से 48 घंटे तक दिन की तेज धूप रात को मच्छरों के साए में जाग कर ट्रैक्टर ट्राली पर रेंग-रेंग कर चलना आदत सी बन गई है, क्योंकि इसके सिवाय उनके पास और कोई विकल्प शेष नहीं बचा है।
सरकार ने ढांड, कौल व पुंडरी की अनाज मंडियों में बारदाना देना बंद कर दिया है, जिससे मजबूरन उन्हें इस कांटों भरी राह को अपनाना पड़ रहा है। सुरजेवाला ने कांग्रेस पार्टी जिला अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर के नई अनाज मंडी स्थित प्रतिष्ठान पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज मंडियों में बारदाने की भारी कमी है। खरीदी गई गेहूं को गोदाम तक पहुंचाने के लिए ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था नहीं है। जो माल खरीदा जा चुका है उसका आज तक कोई भुगतान नहीं किया है, जबकि सरकार को पहले से ही पता था की अप्रैल महीने में गेहूं का सीजन है उसके लिए पहले से तैयारी क्यों नहीं की गई।