कैथल। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए वीरवार को वोटिंग हुई, जिसमें प्रधान पद के लिए रमेश गुप्ता ने अपने प्रतिद्वंदी रमेश राणा को 78 वोटों से मात दी। गुप्ता को कुल 315 वोट मिले, जबकि रमेश राणा को 237 वोट हासिल हुए। इस दौरान कुल 714 सदस्यों में से 648 ने वोट डाला।
वहीं, प्रधान पद के तीसरे उम्मीदवार ईश्वर मलिक को 88 वोट मिले। जबकि 8 वोट रद्द पाए गए। चुनाव अधिकारी मुकेश निरवानी, सीएल उप्पल, राजपाल खटकड़ की देखरेख में चुनाव संपन्न हुआ। मुकेश निरवानी ने बताया कि प्रधान पद के अलावा उपप्रधान पद के लिए जगमोहन नरवाल ने 290 वोट हासिल करते हुए अपने प्र्रतिद्वंद्वी मोहन शर्मा को 87 वोटों से हराया। मोहन शर्मा को 203 वोट मिले। तीसरे उम्मीदवार रणधीर शर्मा 147 वोट लेकर तीसरे नंबर पर रहे। उप-प्रधान के चुनाव में तीन वोट रद्द पाए गए। सचिव पद के लिए कड़े मुकाबले में जेपी जागलान ने पवन शर्मा को 54 मतों से मात दी। जागलान को 347 तथा पवन शर्मा को 293 मत मिले।
इस पद पर छह वोट रद्द पाए गए। सह-सचिव पद पर भी शीला चहल और ऊषा उर्फ अलिशा के बीच मुकाबले में शीला चहल ने ऊषा को 111 मतों के अंतर से हराया। शीला को 372 तथा अलिशा को 261 वोट मिले। इस पद पर 12 वोट रद्द पाए गए। कोषाध्यक्ष पद के लिए कपिल शर्मा का चयन सर्वसम्मति से कर लिया गया। जीत के बाद विजयी उम्मीदवारों ने जशभन मनाया।